रतलाम में बवाल: गणेश प्रतिमा जुलूस में पत्थर फेंकने का आरोप, 500 लोगों ने घेरा थाना, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

रतलाम : रतलाम में शनिवार रात गणेश स्थापना के दौरान बवाल हो गया। स्टेशन रोड क्षेत्र में प्रतिमा जुलूस पर पथराव का आरोप लगाते हुए 500 से ज्यादा लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, जिससे आवागमन ठप हो गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया।

एसपी राहुल लोढ़ा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तो पीछे से प्रदर्शनकारियों की भीड़ पहुंच गई। एसपी ने लोगों को समझाइश दे रहे थे, तभी किसी ने पत्थर फेंका तो दूसरी तरफ से पथराव शुरू हो गया। एक पत्थर पुलिस वाहन भी लगा है। जिससे कांच टूट गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने लाठी चार्ज किया। आंसू गैस के गोले छोड़े।

शनिवार रात 8.30 बजे शुरू हुआ विरोध-प्रदर्शन दो बजे तक चला। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। शहर में भारी पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा बलों की दो टुकड़ियां भी बुलाई गई हैं।

अंधेरे में फेंका पत्थर 
पुलिस शिकायत के मुताबिक, वारदात शनिवार रात 8.30 बजे की है। दो घंटे बाद रात 10.50 बजे एफआईआर हुई। नमकीन दुकान चलाने वाले शिकायतकर्ता ने बताया, हम लोग गणेश स्थापना के लिए मूर्ति लेकर आ रहे थे। जुलूस में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। तभी हाथीखाना रोड पर मोचीपुरा के पास अंधेरे में किसी व्यक्ति ने पत्थर फेंका। इससे मूर्ति क्षतिग्रस्त हो सकती थी।

CSP बोले-केस दर्ज कर जांच करा रहे 
सीएसपी अभिनव बारंगे के मुताबिक, जुलूस में शामिल लोगों ने पत्थर फेंकने की शिकायत की है। जिस पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता को तस्दीक के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी भेजा गया था। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है।

त्योहार से पहले षड्यंत्र 
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गौरव शर्मा ने बताया, त्योहार से पहले यह षड्यंत्र है। 15-20 साल से कार्यक्रम किया जा रहा है, लेकिन उसे रोकने का काम किया जा रहा है। बताया, मोचीपुरा क्षेत्र में प्रतिमा जुलूस के दौरान पत्थरबाजी हुई है। किसी न किसी ने तो पत्थर मारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds