इस छोटे देश में बहती हैं शहद की नदियां, हर साल एक्सपोर्ट से कमाता है 275 करोड़ रुपये

नई दिल्ली: क्या आप जानते हैं कि दुनिया में सबसे ज्यादा शहद का एक्सपोर्ट कौन देश करता है? इसका जवाब है न्यूजीलैंड। इस छोटे से देश ने 2022 में 333.34 मिलियन डॉलर यानी करीब 275 करोड़ रुपये का शहद एक्सपोर्ट किया। Honey Source के मुताबिक दुनिया के नेचुरल हनी एक्सपोर्ट में न्यूजीलैंड की हिस्सेदारी करीब 12 फीसदी है। न्यूजीलैंड मनुका शहद एक्सपोर्ट करने वाला दुनिया का एकमात्र देश है। मधुमक्खी यह शहद एक खास किस्म के फूल से बनाती हैं। इसमें कई तरह के औषधीय गुण पाए जाते हैं। इस कारण दुनियाभर के कई देशों में इसकी काफी मांग है। यह काफी महंगा बिकता है। भारत में इसका 350 ग्राम का पैक करीब 4,000 रुपये का है। न्यूजीलैंड की हनी एक्सपोर्ट से होने वाली कुल कमाई में मनुका शहद की हिस्सेदारी 82 फीसदी है।
शहद एक्सपोर्ट करने के मामले में न्यूजीलैंड के बाद दूसरा नंबर चीन का है। चीन सालाना करीब 22.96 करोड़ डॉलर का हनी एक्सपोर्ट करता है। चीन में सालाना 500,000 टन शहद का उत्पादन होता है। दुनिया में शहद के कुल उत्पादन का एक चौथाई चीन में ही बनता है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर अर्जेंटीना है। इस देश ने 2020 में 17.95 करोड़ डॉलर का शहद एक्सपोर्ट किया। यह देश सालाना करीब 75,000 शहद का एक्सपोर्ट करता है। अर्जेंटीना शहद हाई क्वालिटी का माना जाता है। यूरोपीय देश जर्मनी और यूक्रेन भी शहद एक्सपोर्ट करने वाले टॉप पांच देशों में शामिल हैं। इसके बाद स्पेन, ब्राजील और हंगरी का नंबर है।
भारत में शहद उत्पादन
इस लिस्ट में भारत नौवें नंबर पर है। भारत ने 2020 में 8.756 करोड़ डॉलर का हनी एक्सपोर्ट किया था। National Bee Board के मुताबिक फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में भारत ने 1,55,000 टन से अधिक शहद का उत्पादन हुआ। भारत में सबसे ज्यादा शहद उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, बिहार और मध्य प्रदेश में होता है। उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी, बहराइच, सिद्धार्थ नगर और बस्ती में शहद का सबसे ज्यादा उत्पादन होता है। गुजरात में खेड़ा, आणंद और वडोदरा, पंजाब में लुधियाना, जालंधर और अमृतसर, बिहार में वैशाली, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर तथा मध्य प्रदेश में उज्जैन, इंदौर और देवास में शहद का उत्पादन होता है।