Site icon khabriram

Republic Day 2023 : पहली बार कर्तव्य पथ से गुजरेगी गणतंत्र दिवस परेड

आज यानी 26 जनवरी को भारत अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम इस बार कई मायनों में अलग है। पहली बार गणतंत्र दिवस परेड कर्तव्य पथ से होकर गुजरेगी। पहले इसे राजपथ के नाम से जाना जाता था। ऐसा पहली बार होगा जब वीवीआईपी पहली कतार में बैठकर परेड नहीं देखेंगे। इस बार पहली कतार में रिक्शाचालक, कर्तव्य पथ बनाने वाले मजदूर और उनके रिश्तेदार जिन्हें श्रमजीवी नाम दिया गया है, बैठेंगे। अग्निवीर पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में  कर्तव्य पथ पर सलामी लेंगी।

बता दें कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसी हैं। परेड में मिस्र का 120 सदस्यीय मार्चिंग बैंड भी हिस्सा लेगा। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण अवसर को मनाने के लिए राष्ट्रपति को आपसी सौहार्द, मित्रता और सद्भावना के प्रतीक के रूप में आमंत्रित किया गया है। पहली बार 21 तोपों की  सलामी 105 मिमी की स्वदेशी गन से दी जाएगी। परेड में आखिरी बार नजर आएंगे नौसेना के आईएल-38 विमान, फ्लाईओवर में रफाल, एएलएच, सुखोई जैसे 44 विमान भी शामिल होंगे।

Exit mobile version