राशन दुकान मे चोरी : 53 कट्टा चाँवल और इलेक्ट्रानिक कांटा ले उड़े चोर, ग्रामीणों ने जताई चिंता

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बानो में चोरों ने गरीबों के हक पर ही हाथ साफ कर दिया। शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला तोड़कर चोर 53 कट्टा यानी करीब 26 क्विंटल सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, आज और कल की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने राशन दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा पार कर दिया। सुबह जब रोज की तरह सोसायटी संचालक दुकान पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि 53 कट्टा चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा गायब है।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

इसके बाद संचालक ने तत्काल मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

गरीबों के हिस्से का राशन हुआ चोरी

गौरतलब है कि, छत्तीसगढ़ सरकार अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीब परिवारों को निशुल्क चावल उपलब्ध कराती है ताकि कोई भी जरूरतमंद भूखा न सोए। लेकिन बानो गांव में चोरों ने गरीबों के हिस्से का राशन ही चोरी कर लिया, जिससे ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds