Rajnandgaon: साइबर सेल ने कंबोडिया से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह के मुख्य आरोपी को दबोचा

Rajnandgaon। छत्तीसगढ़ पुलिस के “मिशन साइबर सुरक्षा” अभियान को बड़ी सफलता मिली है। राजनांदगांव साइबर सेल ने 10 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी में शामिल एक बड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंबोडिया स्थित स्कैम सेंटर से भारतीय नागरिकों को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट और जॉब स्कीम के नाम पर ठगी का शिकार बना रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी अलकेष कुमार प्रेमजी भाई मांगे, निवासी डुंगरी, वलसाड (गुजरात) है, जो कंबोडिया में बैठकर फर्जी कॉल सेंटर के जरिए ठगी को अंजाम दे रहा था। राजनांदगांव साइबर सेल ने उसे पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
ऐसे करता था करोड़ों की ठगी
गिरोह Shadi.com प्लेटफॉर्म, Adoni One ग्रुप, CISCO, COSTCOP जैसी फर्जी इन्वेस्टमेंट कंपनियों के नाम पर लोगों को जॉब ऑफर, टास्क और इन्वेस्टमेंट का झांसा देता था। कंबोडिया से संचालित इस गिरोह ने देशभर में करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी की है।
पुलिस ने बरामद किया
आरोपी के पास से
- 2 मोबाइल फोन
- 2 एटीएम कार्ड
- 8 सिम कार्ड
जप्त किए गए हैं।
राजनांदगांव साइबर सेल ने कहा कि “मिशन साइबर सुरक्षा” के तहत आगे भी ऐसी ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।