मंत्री लखमा के करीबी राजकुमार तामो पर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का आरोप, पार्टी ने जारी किया नोटिस

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के चुनावी समर में पार्टी से बगावत करने वाले नेताओं पर कार्रवाई शुरू हो गई है। कांग्रेस ने मंत्री कवासी लखमा के करीबी राजकुमार तामो को नोटिस जारी किया है। तामो पर चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप है। पार्टी ने उन्हें 24 घंटे के भीतर नोटिस का जवाब देने के लिए कहा है।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के आप के द्वारा पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का मामला सामने आया है, जो पार्टी अनुशासनहीनता है। बता दें कि राजकुमार तामो मंत्री कवासी लखमा के करीबी माने जाते हैं। लखमा और कर्मा परिवार के बीच की रार किसी से छिपी नहीं है। कुछ दिन पहले छविंद्र कर्मा ने मंत्री लखमा का नार्को टेस्ट करवाने की मांग की थी। अब एक बार फिर लखमा के करीबी कांग्रेसी नेता राजकुमार तामो पर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ काम करने के आरोप लगे हैं।

जगदलपुर में भी हुई थी कार्रवाई

कांग्रेस पार्टी ने बीतें दिनों जगदलपुर विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी जतिन जायसवाल के खिलाफ प्रचार करने वाले तीन नेता पूर्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कमल झज्ज, विक्रम शर्मा और कुक्की झारी पर कार्रवाई की थी। इन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। जतिन ने समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से शिकायत की थी। आलाकमान के निर्देश पर जगदलपुर में शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने यह कार्रवाई की।

Back to top button

This will close in 20 seconds