रायपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश, तापमान में आई गिरावट, अगले दो दिन बढ़ेगा पारा

रायपुर: राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी रहा। बादलों की घेराबंदी और रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने रविवार, 1 जून को भी कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं के चलने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश से लेकर विदर्भ तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की वर्षा, गरज-चमक और अंधड़ के साथ वज्रपात होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री पेण्ड्रा रोड में रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

राजधानी रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
रायपुर में आज मौसम खुशनुमा बना रहेगा। आकाश आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहेगा और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds