छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, रायपुर में बौछारों के साथ बदला मौसम का मिजाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में मानसून की दस्तक हो चुकी है और राजधानी रायपुर में भी प्री-मानसून का असर नजर आने लगा है। गुरुवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और शाम होते-होते शहर में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आ सकती है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौजूदा मौसम परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले एक-दो दिनों में यह पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। बांग्लादेश तट के पास बना अवदाब उत्तर दिशा में सक्रिय है, जो 29 मई को सागरद्वीप और खेपूपारा के बीच तट पार कर सकता है। यह प्रणाली आगे चलकर गहरे अवदाब में भी तब्दील हो सकती है।
फिलहाल दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं—एक उत्तर भारत में और दूसरा अफगानिस्तान के पास। इसके अलावा, एक द्रोणिका रेखा दक्षिण-पूर्व राजस्थान से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश के मौसम में बदलाव और बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं।
आज का पूर्वानुमान
राज्य के कुछ स्थानों पर आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। कुछ जगहों पर अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।