होली के मौके पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 किलो से अधिक गांजा के साथ अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : होली के त्योहार के दौरान रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है. पुलिस की संयुक्त टीम ने 28.621 किलोग्राम गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है. जब्त किए गए मादक पदार्थ और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 14,41,050 रुपये बताई जा रही है.

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप कुमार पटेल की संयुक्त निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना कबीर नगर पुलिस की टीम द्वारा की गई.

 मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना कबीर नगर क्षेत्र के सीता नगर गोगांव रोड पर अविनाश आशियाना के पीछे स्थित भाठा के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया.

 तलाशी में मिला भारी मात्रा में गांजा

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम अविनाश अग्रहरी बताया, जो उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का निवासी है. पुलिस टीम ने उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग और अन्य बैग की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. आरोपी के कब्जे से कुल 28.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 14,31,050 रुपये आंकी गई है. इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. कुल जब्त सामान की कीमत करीब 14,41,050 रुपये बताई जा रही है.

 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20 सी के अंतर्गत मामला दर्ज किया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह गांजा कहां से लाया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था.

 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी.

रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है. इस साल अब तक 16 मामलों में कुल 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 185.002 किलोग्राम गांजा, 2,05,700 रुपये नगद, दो चारपहिया वाहन और नौ मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 1,05,17,900 रुपये आंकी गई है. पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds