रायपुर. रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 85 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपएबताई गई है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर रायपुर में किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जाने की जानकारी दी है. पुलिस अब गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों और इसे खरीदने वाले संभावित लोगों की तलाश में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में हैं. सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त अपराध एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइंस पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी.
कार की डिक्की में मिले अलग-अलग पैकेट
पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए वाहन की पहचान कर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की. उनकी पहचान मध्यप्रदेश के सागर निवासी अनीश साहू, मंडला निवासी राकेश साहू और महासमुंद जिले के सूरज कलेत के रूप में हुई. वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में रखा 85 किलो गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 42 लाख 50 हजार रुपएआंकी है. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20(बी) (ii) (सी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.
सप्लायर और खरीदारों की तलाश
पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. आरोपियों से गांजा कहां से खरीदा गया, इसे रायपुर तक कैसे पहुंचाया गया और आगे किसे बेचा जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है. पुलिस जब्त मोबाइल फोन, वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के संपर्कों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, गांजा उपलब्ध कराने वाले लोगों से लेकर संभावित खरीदारों तक की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच जारी है.
अब तक 7.09 करोड़ का मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त
कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 92 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन मामलों में गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है. इसके अलावा नकदी, चारपहिया और दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन तथा हथियार भी जब्त किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार है.