रायपुर: बड़े टैक्स बकायादारों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, कई गोदाम और फैक्ट्रियां सील

रायपुर। नगर निगम की टैक्स बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। आज जोन 10 राजस्व विभाग की टीम ने जोन सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल के नेतृत्व में देवपुरी क्षेत्र में बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की।
वार्ड नम्बर 53 स्थित देवपुरी इलाके में अनूप अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, एकता अग्रवाल द्वारा संचालित ट्रैक्टर डीलर व्यवसायिक भूमि पर वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक का कुल 32 लाख 94 हजार 675 रुपये का टैक्स बकाया होने के कारण उनके 5 गोदाम सील कर दिए गए।
इसके अलावा हरीश अग्रवाल, हरिनारायण अग्रवाल की टाइल्स फैक्ट्री “टिसाफर”, सचिन इंटरप्राइजेस, और जलाराम इंटरप्राइजेस द्वारा संचालित खिलौना फैक्ट्री का बकाया नहीं चुकाने पर फैक्ट्रियां भी सील कर दी गईं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले अन्य बड़े बकायादारों पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।