RAIGARH NEWS : युवा एमआर इवान वर्गीस का आकस्मिक निधन, हार्ट अटैक से हुई मृत्यु

रायगढ़। शहर के युवा एमआर इवान वर्गीस की बिलासपुर में असमय सांसें थम गई। इवान दवा कंपनी के काम से बिलासपुर गए थे और होटल के कमरे में ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हुई है।

जिला चिकित्सालय में मुख्य लिपिक के रूप में सेवारत एवं कर्मचारी नेता जेम्स वर्गीस के इकलौते पुत्र इवान वर्गीस तकरीबन 35 साल के थे। वे दवा विक्रय प्रतिनिधि होने के नाते कंपनी कार्य से  बीते शुक्रवार को बिलासपुर गए थे। चूंकि, इवान को रात बिलासपुर में रुकना पड़ा, इसलिए बस स्टैंड के पास प्रीत होटल में उन्होंने रूम लिया था। शनिवार सुबह काफी देर तक इवान का कमरा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारी  दरवाजा तोडक़र भीतर गए तो अवाक् रह गए।

दरअसल, रूम में इवान बेसुध पड़े थे। होटल कर्मचारी ने मौके की नजाकत को भांप नजदीकी थाने को सूचित किया। पुलिस जब होटल पहुंची तो पता कि इवान दुनिया छोड़ चुके थे। ऐसे में उनके शव को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर्स ने प्राथमिक जांच में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद ईवान का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मिलनसार, मृदुभाषी और जिंदादिल इवान के पार्थिव देह को बिलासपुर से रायगढ़ लाया गया है। रविवार पूर्वान्ह 11 बजे जेम्स वर्गीस के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित घर से अंतिम यात्रा निकलेगी। युवा एमआर इवान वर्गीस के असामयिक निधन से चक्रधर नगर क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds