Race Walking: पैदल चाल में विकास और परमजीत सिंह को ओलंपिक टिकट, एशियाई चैंपियनशिप में जीता रजत और कांस्य

नई दिल्ली : भारत के 20 किलोमीटर पैदल चाल के एथलीट विकास सिंह और परमजीत सिंह बिष्ट ने रविवार को एशियाई चैंपियनशिप में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करके 2024 में होने वाले पेरिस ओलिंपिक और 2023 में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया। विकास और परमजीत ने एशियाई 20 किमी पैदल चाल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में क्रमश: 1:20:05 सेकंड (एक घंटा, 20 मिनट, पांच सेकंड) और 1:20:08 सेकंड के साथ दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

चीन के कियान हैफेंग (1:19:09) ने पहला स्थान हासिल किया। पेरिस में 2024 में होने वाले ओलिंपिक खेल और हंगरी के बुडापेस्ट में इस साल अगस्त में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाइंग मार्क 1: 20 :10 है और दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने इसे मामूली अंतर से हासिल किया।

पिछले महीने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीत दर्ज करके ओलंपिक और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने वाले अक्षदीप सिंह ने 1: 20 :57 का समय निकाला और वह पांचवें स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार कोई देश आधिकारिक प्रविष्टियों के अलावा ओपन वर्ग में खिलाड़ियों को भेज सकता है लेकिन उनका प्रदर्शन आधिकारिक नहीं माना जाएगा। भारत ने ओपन वर्ग में चार पुरुष और तीन महिला खिलाड़ी भेजे थे। पुरुषों के वर्ग में दो अन्य भारतीय सूरज पंवार और हरदीप ने क्रमश: 1: 22 :31 और 1: 25 :38 का समय निकाला।

प्रियंका को कांस्य पदक, मुनीता, भावना कट से चूकीं

महिला वर्ग में पिछले महीने राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतकर ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर चुकीं प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं के आधिकारिक प्रवेश वर्ग में 1:32:27 का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। वह कुल मिलाकर चौथे स्थान पर रहीं। भारत की मुनीता प्रजापति और भावना जाट ओपन वर्ग में क्रमश: 1:33:22 और 1:36:20 के साथ बड़े अंतर से ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के क्वालिफाइंग मार्क 1:29:20 से चूक गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds