चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मॉस्को दौरे से उत्साहित पुतिन, यूक्रेन संकट का निकल सकता है हल?

नई दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीन की उस पहल का स्वागत किया है, जिसमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूक्रेन संकट का हल निकालने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाने की बात कही है। बता दें कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सोमवार को रूस के दौरे पर जाने वाले हैं और इस दौरे पर दुनियाभर की नजरें लगी हुई हैं। दरअसल चीन रूस यूक्रेन युद्ध में मध्यस्थता करने की पेशकश कर चुका है।

पुतिन ने की जिनपिंग की तारीफ

शी जिनपिंग के मॉस्को दौरे से पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीन के एक अखबार में एक लेख लिखा है। इस लेख मे पुतिन ने लिखा है कि मॉस्को और बीजिंग के संबंध शीत युद्ध के समय के दोनों देशों के संबंधों से भी ज्यादा मजबूत हैं। पुतिन ने ये भी लिखा कि उन्हें चीनी राष्ट्रपति के साथ होने वाली मुलाकात से काफी उम्मीदें हैं। पुतिन ने लिखा कि हमें इस बात में कोई शक नहीं है कि चीनी राष्ट्रपति दोनों देशों के संबंधों को एक नए स्तर पर लेकर जाएंगे। पुतिन ने यूक्रेन मामले को सुलझाने के लिए चीन की मध्यस्थता की इच्छा की भी तारीफ की।

यूक्रेन संकट की मध्यस्थता कर सकता है चीन

पुतिन ने यूक्रेन मामले में चीन के संतुलित स्टैंड की भी तारीफ की और कहा कि चीन इस युद्ध की पीछे की कहानी और असल कारण को भी समझता है। पुतिन ने कहा कि रूस यूक्रेन संकट को राजनैतिक और कूटनीतिक तरीकों से खत्म करने के लिए तैयार है लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि यूक्रेन को नई भौगोलिक सच्चाई को भी स्वीकार करना पड़ेगा। गौरतलब है कि रूस ने यूक्रेन के चार प्रांतों पर कब्जा कर लिया है और उन्हें अपनी सीमा में शामिल कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि शी जिनपिंग हाल ही में लगातार तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति चुने गए हैं। शी जिनपिंग अब वैश्विक स्तर पर चीन के प्रभाव को बढ़ाने की कोशिशों में जुटे हैं। यूक्रेन संकट की मध्यस्थता की पेशकश भी शी जिनपिंग की इन्हीं कोशिशों का हिस्सा है। इससे पहले सऊदी अरब और ईरान के बीच संबंधों को फिर से बहाल करने में भी चीन ने अहम भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds