रायपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भी छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर रहेंगी. वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए जगदलपुर पहुंच रही हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11:15 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी. एयरपोर्ट पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा.इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बस्तर दौरे पर रहेंगे.
मां दंतेश्वरी मंदिर जाएंगी राष्ट्रपति
इसके बाद वे सीधे दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर जाएंगी. वहां वे देवी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी. बस्तर दशहरा की शुरुआत मां दंतेश्वरी की पूजा से ही होती है, इसलिए राष्ट्रपति का मंदिर जाना विशेष महत्व रखता है.मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रपति जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी.
पिछले साल आए थे गृह मंत्री
मुरिया दरबार सुबह 11:37 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक चलेगा. मुरिया दरबार बस्तर दशहरा की सबसे अहम रस्मों में से एक है. इस दरबार में बस्तर संभाग के सभी मांझी, मुखिया और जनजातीय प्रतिनिधि एकत्र होते हैं और अपनी समस्याएं और परंपराओं को साझा करते हैं. पिछले साल इस दरबार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए थे, और इस बार राष्ट्रपति की मौजूदगी इसे और भी ऐतिहासिक बना रही है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी बस्तर दौरा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बस्तर दौरे पर रहेंगे. वे राष्ट्रपति के साथ सभी कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सीएम साय सुबह 8:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे. सुबह 10:50 बजे वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा करेंगे. 11:20 बजे मुरिया दरबार और दोपहर 12:10 बजे लालबाग मैदान में बस्तर दशहरा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 4:15 बजे रायपुर लौटेंगे.
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे बस्तर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.