Site icon khabriram

तंजानिया की राष्ट्रपति हसन के साथ पीएम मोदी ने की द्विपक्षीय बैठक, दोनों देशों के बीच हुए कई अहम समझौते

नई दिल्ली : तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन चार दिवसीय यात्रा पर भारत में पहुंची हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हुए सोमवार को राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन के साथ व्यापक बातचीत की।

इस द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते पर सहमति बनी। PM नरेंद्र मोदी और तंजानिया की राष्ट्रपति डॉ. सामिया सुलुहु हसन की उपस्थिति में हैदराबाद हाउस में दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया। मालूम हो कि दोनों देशों ने डिजिटल डोमेन, संस्कृति, खेल, समुद्री उद्योग और व्हाइट शिपिंग सूचना साझाकरण में सहयोग प्रदान करने वाले छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

G20 में शामिल होने के बाद पहले अफ्रीकन राष्ट्राध्यक्ष का भारत दौरा

इस दौरान पीएम मोदी और तंजानिया की राष्ट्रपति ने हैदराबाद हाउस में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “मैं राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करता हूं। तंजानिया के राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी पहली यात्रा है, लेकिन वे भारत और भारत के लोगों से लंबे अरसे से जुड़ी हैं। अफ्रीकन यूनियन के G20 में स्थाई सदस्य के रूप में जुड़ने के बाद पहली बार हमें किसी भी अफ्रीकन राष्ट्राध्यक्ष का भारत में स्वागत करने का अवसर मिला है।”

लोकल करेंसी में दिया जाएगा व्यापार को बढ़ावा

साथ ही उन्होंने कहा, “आज का दिन भारत और तंजानिया के संबंधों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। आज हम अपनी सदियों पुरानी मित्रता को भावी रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांध रहे हैं। भारत और तंजानिया आपसी व्यापार और निवेश के लिए एक-दूसरे के महत्वपूर्ण साझेदार हैं। दोनों पक्ष लोकल करेंसी में व्यापार बढ़ाने के लिए एक एग्रीमेंट पर काम कर रहे हैं।”

PM मोदी ने कहा, “भारत ने ICT केंद्रों, व्यावसायिक प्रशिक्षण, रक्षा प्रशिक्षण, ITEC और ICCR छात्रवृत्ति के माध्यम से तंजानिया के कौशल विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जल आपूर्ति, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साथ मिलकर काम करते हुए हमने तंजानिया के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।”

Exit mobile version