लॉगिन

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने किया सरेंडर

Chhattisgarh May 15, 2026 रिपोर्टर: shailesh
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने किया सरेंडर

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने किया सरेंडर

रायगढ़ : रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश का असर अब साफ नजर आने लगा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से भयभीत होकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

चांदमारी निवासी 43 वर्षीय पिंटू हलवाई लंबे समय से फरार चल रहा था। उसने एसएसपी के सामने अपराध छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने की इच्छा जताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि पुलिस की लगातार दबिश और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह डरकर उत्तराखंड भाग गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिया था, लेकिन बढ़ते पुलिस दबाव के चलते आखिरकार उसने सरेंडर कर दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि वह दोबारा सट्टा, जुआ या किसी अवैध कारोबार में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 और 7 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी से 2000 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds