आदिवासी दिवस पर पीसीसी चीफ का बड़ा हमला : कहा “भाजपा-आरएसएस आदिवासियों को वनवासी बताने की कर रही साजिश

रायपुर। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्व आदिवासी दिवस पर प्रदेश में सरकार की ओर से कोई आयोजन नहीं किया जा रहा है, जो आदिवासी समाज का अपमान है।

दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की आबादी में करीब 32 प्रतिशत आदिवासी समाज है, लेकिन इसके बावजूद आदिवासियों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने सरकार से आदिवासी समाज के अधिकारों और हितों को लेकर गंभीरता से काम करने की मांग की।

आदिवासियों को वनवासी बताने की साजिश

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि 9 अगस्त का दिन ऐतिहासिक रूप से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसी तारीख को महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS आदिवासी समाज को ‘वनवासी बताने की साजिश कर रहे हैं। बैज ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी अलग पहचान, संस्कृति और अधिकार हैं और इसे किसी दूसरे नाम से परिभाषित करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता।

बीजेपी के तिरंगा अभियान पर भी साधा निशाना

बीजेपी के तिरंगा अभियान को लेकर भी दीपक बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल तिरंगे के नाम पर राजनीति कर रही है। श्री बैज ने कहा कि तिरंगा देश की शान और सम्मान का प्रतीक है और कांग्रेस हमेशा राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करती रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि तिरंगे के नाम पर देश की जनता के बीच गलत जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षकों के ट्रांसफर पर भी सरकार को घेरा

शिक्षकों के हालिया ट्रांसफर को लेकर दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों का स्थानांतरण करना ही था तो इसे शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले किया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद ट्रांसफर सूची जारी करने से शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को परेशानी होगी। बैज ने आरोप लगाया कि ट्रांसफर को लेकर प्रदेश में ‘उद्योग’ बनाया जा रहा है और इसका उद्देश्य वसूली तथा पैसे कमाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds