आनलाइन जुए की लत में बना चोर : 45 लाख से ज्यादा का सोना-चांदी किया चोरी, एसी रिपेयरिंग के बहाने रेकी कर सूने मकानों मे लगाता था सेंध

बिलासपुर। शहर में सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 45.84 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है, साथ ही उसके खिलाफ दर्ज 8 मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से अलग-अलग कॉलोनियों में बंद मकानों को निशाना बना रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शहरभर के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और लोकल इनपुट के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।

गिरफ्तार आरोपी सूरज काछी मूलतः गौरेला का रहने वाला है, जो बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह एसी  और इलेक्ट्रॉनिक सामान रिपेयरिंग का काम करने के दौरान कॉलोनियों की रेकी करता था और रात में सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। सीसीटीवी और पुलिस से बचने के लिए वह अलग-अलग ट्रिक अपनाता था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन जुए का आदी था और करीब 30 लाख रुपये जुए में हार चुका है। इसी लत को पूरा करने के लिए उसने चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया।पुलिस ने आरोपी के पास से 252 ग्राम सोना, 1 किलो से अधिक चांदी, स्कूटी और मोटरसाइकिल, तथा घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 45.84 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज 2025-26 के कई चोरी के मामलों को कबूल किया है, जिनमें अलग-अलग कॉलोनियों में की गई वारदातें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds