रायपुर में बनेंगे अब सबसे उन्नत ट्रांसफॉर्मर: 300 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्ताव, यहीं से देश भर में होगी सप्लाई

रायपुर। विकसित भारत की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ राज्य जल्द ही देश के सबसे उन्नत ट्रांसफॉर्मर निर्माण केंद्र के रूप में उभरेगा। देश की प्रतिष्ठित कंपनी करमवीर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने रायपुर में अत्याधुनिक ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखा है।
इस परियोजना में 300 रूपए करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा, जिससे छत्तीसगढ़ को देशभर में ट्रांसफॉर्मर सप्लाई का मुख्य केंद्र बनाने की योजना है।
ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी क्रांति की तैयारी
कंपनी के प्रबंध निदेशक विवेक जैन ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस प्रस्तावित परियोजना की पूरी रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह यूनिट तकनीकी दृष्टि से देश की सबसे उन्नत निर्माण इकाइयों में शामिल होगी और ऊर्जा क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा
यह सिर्फ एक औद्योगिक निवेश नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ को विकसित भारत 2047 की नींव में एक मजबूत स्तंभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार इस परियोजना को हरसंभव सहायता देगी।