उत्तर कोरिया ने इस साल दागी 12वीं बैलिस्टिक मिसाइल, जापान तट रक्षक ने दी जानकारी

सियोल : उत्तर कोरिया द्वारा बुधवार को फिर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई। दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने एक बयान में कहा, उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से पूर्वी सागर की ओर एक अनिर्दिष्ट बैलिस्टिक मिसाइल दागी। उत्तर कोरिया के पिछले प्रक्षेपण के बमुश्किल एक महीने बाद जापान की सेना ने भी इस प्रक्षेपण की सूचना दी है और इस साल यह उसका ऐसा 12वां प्रक्षेपण है

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने घोषणा की है कि उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण का पता लगाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लॉन्च के संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी गई है। इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी जासूसी विमान के अभियानों के खिलाफ उत्तर कोरिया के आरोपों के कारण उत्पन्न तनाव के बीच प्योंगयांग ने बैलिस्टिक मिसाइल दागी है।

जापान ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (एनएचके) ने जापानी रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा कि मिसाइल को उड़ान भरते देखा गया। यह प्रक्षेपण उत्तर कोरिया द्वारा अमेरिकी सैन्य गतिविधियों पर कड़ी शिकायत करने और अमेरिकी जासूसी विमानों पर हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाने के बाद हुआ है। प्योंगयांग ने अमेरिकी परमाणु ऊर्जा संचालित क्रूज मिसाइल पनडुब्बी की हाल ही में दक्षिण कोरिया की यात्रा की भी निंदा की थी।

विदेशी समाचार एजेंसी ने बताया कि इससे पहले उत्तर कोरिया ने 15 जून को बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की थी। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने मंगलवार को बताया था कि उत्तर कोरिया ने अमेरिका पर आठ बार अवैध रूप से आर्थिक क्षेत्र में उड़ान भरने का आरोप लगाया है और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

उत्तर कोरिया ने 2023 में अपनी पहली ठोस-ईंधन अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) का परीक्षण किया था और एक नए प्रक्षेपण वाहन पर अपने पहले जासूसी उपग्रह को लॉन्च करने का असफल प्रयास किया था।

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, बार-बार अवैध घुसपैठ की स्थिति में अमेरिकी सेना को एक बहुत ही महत्वपूर्ण उड़ान का अनुभव होगा।उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर कोरिया की संप्रभुता पर अतिक्रमण को नकारने के लिए दक्षिण कोरिया ने फिर से निर्लज्जतापूर्वक मोर्चा संभाला है और अभी भी उनका दावा है कि यह ‘आरओके’ और अमेरिका की सामान्य उड़ान थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds