नवविवाहिता मर्डर का खुलासा, पति ने ऐसे दी थी दर्दनाक मौत, सास ने रची झूठी कहानी

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम हरदी करेलीबड़ी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस घर में खुशियां होनी चाहिए थी, वहीं संतान न होने के ताने और विवाद ने एक मासूम जान ले ली। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के आरोप में मृतिका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।

साजिश का पर्दाफाश

बीते 30 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि एक नवविवाहिता की अचानक मौत हो गई है। ससुराल पक्ष ने इसे सामान्य मौत बताते हुए दावा किया कि बहू की जान सीने में दर्द की वजह से गई है। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्हें कुछ संदिग्ध लगा। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।जैसे ही रिपोर्ट आई, सबके होश उड़ गए। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गला घोंटने से हुई मौत थी।

ताना बना जान का दुश्मन

आरोपी पति चंद्रशेखर यादव (26) और उसकी पत्नी के बीच अक्सर इस बात को लेकर झगड़ा होता था कि उनकी संतान नहीं हो रही है। घटना के दिन भी इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि आपा खो चुके पति ने काले रंग की नायलॉन रस्सी से अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया।

इस मामले में मृतिका की सास रीना बाई यादव (46) की भूमिका भी बेहद शर्मनाक रही। बेटे द्वारा की गई हत्या को छुपाने के लिए उसने पूरे गांव और पुलिस के सामने झूठ का जाल बुना। उसने यह अफवाह फैलाई कि बहू की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने और सीने में दर्द से हुई है।

पूछताछ में कबूला जुर्म 

मगरलोड थाना और करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुएआरोपी पति को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई नायलॉन रस्सी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds