Site icon khabriram

मामूली विवाद पर पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से वार कर महिला की कर दी हत्या

बिलासपुर| घर के सामने गली में पानी बहाने के विवाद पर पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से वार कर महिला की हत्या कर दी। मां पर हमला होता देख बीच-बचाव करने पहुंची बेटी के गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई है।

ग्राम पेंडारी के सतनामीपारा में रहने वाला मंगलूराम कुर्रे (50) ऑटो चलाता है। घर में उसकी पत्नी शैलकुमारी कुर्रे (45) और दो बेटी सुचित्रा कुर्रे (18) और शिवानी कुर्रें (17) रहती हैं। सुचित्रा सेकेंड ईयर में पढ़ती है और शिवानी फर्स्ट ईयर की छात्रा है। शनिवार की शाम उनके पड़ोसी जमुना प्रसाद अनंत और परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि जमुना उनके सामने रहता है और गली में पानी डाल देता है। पानी बहाने से मना करने पर झगड़ा शुरू हुआ और देखते ही देखते जमुना प्रसाद ने कुल्हाड़ी निकाल शैलकुमारी पर हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन में गिर गई। विवाद के दौरान जब जमुना प्रसाद कुल्हाड़ी लेकर निकला और शैलकुमारी को मारने लगा, तब उसे देखकर शैलकुमारी की बेटी सुचित्रा बीच-बचाव करने दौड़ी। इस पर जमुना प्रसाद ने सुचित्रा पर भी कुल्हाड़ी चला दिया, जिससे वह घायल हो गई गिर गई और बेहोश हो गई।
जिस समय यह वारदात हुई मृतका शैलकुमारी का पति मंगलूराम ऑटो चलाने गया था। आसपास के लोगों ने उसे घटना की जानकारी दी इसके बाद वह घर पहुंचा। पत्नी और बेटी को खून से लथपथ देखकर उसने सकरी पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर जाने के बजाए उसे बेटी को अस्पताल ले जाने की बात कही तब वह अपनी बेटी को लेकर इलाज के लिए सिम्स लेकर पहुंचा, जहां उसे भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हत्या की जानकारी देने के बाद भी पुलिस घटनास्थल नहीं पहुंची। मंगलूराम के थाने पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई करने के बाद आरोपी की जानकारी ली। वारदात के बाद आरोपी अपने घर में था, जिसे पुलिस पकड़कर थाने ले गई।

Exit mobile version