NEET UG : परीक्षार्थी बोले- फिजिक्स-बायो आसान, केमिस्ट्री ने किया परेशान, अब 14 जून को आएगा परिणाम

रायपुर : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी(एनटीए) की ओर से रविवार को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेस टेस्ट अंडर ग्रेजुएट (NEET UG) की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू हुई। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलने लगा। छात्रों को डेढ़ बजे तक प्रवेश दिया गया। कड़ी धूप होने के कारण छात्रों को परेशानी भी हुई। प्रदेशभर में लगभग 40 हजार छात्रों ने परीक्षा दी। रायपुर में परीक्षा 17 परीक्षा केंद्र बने थे। यहां पर परीक्षा के लिए 9,383 छात्रों ने पंजीयन कराया, जिसमें 9,114 उपस्थित और 269 अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों में 14 पीडब्ल्यूडी उम्मीदवार भी थे।

परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने कहा कि प्रश्नपत्र का स्तर अच्छा था। पूरे पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे गए थे। कुछ छात्रों ने कहा कि बहुत सारे प्रश्न लेंदी रहे, जिसके कारण समय प्रबंधन सही से नहीं हो पाया। सारे प्रश्न अटेंड नहीं कर पाए। 720 अंकों के 200 प्रश्न फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलाजी और बाटनी से पूछे गए थे। हर खंड में ए और बी दो सेक्शन दिए गए थे। ए सेक्शन से 35 और बी सेक्शन में दिए गए 15 प्रश्नों में से 10 प्रश्न हल करना था। प्रत्येक सही उत्तर पर अभ्यर्थी को चार अंक मिलेंगे। नेगेटिव मार्किंग होने के कारण गलत उत्तर देने पर एक अंक की कटौती की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों में जांच के अलग-अलग नियम

शहर के परीक्षा केंद्रों बहुत भिन्नताएं देखने को मिली। कई केंद्रों में अभ्यर्थियों को रक्षा सूत्र, कान की बाली, हेयर पिन लगाकर जाने दिया गया, वहीं कई केंद्रों में इन्हें बाहर ही निकलवा दिया गया। मोवा में बने केंद्र में रक्षा सूत्र काटने के लिए ब्लेट रखे हुए थे। यहां पर गेट पर ही कान की बाली, हाथ से कड़ा, घड़ी, ब्रेसलेट, बेल्ट निकलवा दिया गया। छात्राएं बालों में हेयर पिन लगाकर गई थी। उसे भी निकलवा दिया गया। तेज गर्मी होने के कारण अभ्यर्थी गमछा लेकर पहुंचे थे। उसे भी हटा दिया गया।

कई टापिक से नहीं आए प्रश्न, बायोलाजी में एनसीईआरटी के बाहर से भी आए प्रश्न

मेडिकल प्रवेश परीक्ष नीट यूजी आफलाइन पेन-पेपर मोड पर एनटीए द्वारा आयोजित की गई। एलन करियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड रायपुर के सेंटर हेड कुणाल सिंह ने पेपर का विश्लेषण किया।नीट का पेपर एनसीईआरटी बेस्ड रहा। फिजिक्स, बायोलाजी आसान रही जबकि केमिस्ट्री कठिन रही। इस बार केमिस्ट्री का पेपर ही रैंक निर्धारित करेगा। केमिस्ट्री में आयोनिक इक्विलीब्रियम से कोई प्रश्न नहीं पूछा गया और इस वर्ष सिलेबस में जोड़े गए फिजिकल केमिस्ट्री से पांच प्रश्न आए थे। जबकि इस वर्ष सिलेबस में जोड़े गए टापिक एक्सपेरिमेंटल स्किल्स से एक भी प्रश्न नहीं पूछा गया। बायोलाजी में कुछ प्रश्न ओल्ड एनसीईआरटी से और कुछ प्रश्न एनसीईआरटी के सिलेबस के बाहर से भी पूछे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds