रायपुर : राजधानी की सड़क में लापरवाहीपूर्वक और स्टंट कर दूसरी गाड़ियों को कट मारते हुए तेजी से स्कूटी ड्राइव करने वाले नाबालिग के पिता को थाना बुलाकर पुलिस ने फटकार लगाई है। लोगों ने नाबालिगों के स्टंटबाजी का वीडियो बनाकर इसे शिकायत के तौर पर पुलिस को भेजा था। इसमें अब कार्रवाई की गई है। वीडियो घड़ी चौक इलाके से मोतीबाग की ओर जाने वाली सड़क का है।
इस वीडियो में दो 15-16 साल के नाबालिग स्कूटी चला नहीं रहे, लग रहा है जैसे खेल रहे हों। सीधे गाड़ी ड्राइव करने की बजाए इसे नागिन की तरह लहराकर चला रहे हैं। आस-पास की दूसरी गाड़ियों को कट मारते हुए बढ़ रहे हैं। इनकी करतूत को एक राहगीर ने मोबाइल में कैद कर लिया। इसे ट्विटर के जरिए रायपुर पुलिस को भेजा गया। फौरन इस मामले में एक्शन लिया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो में दिख रही स्कूटी के जरिए गाड़ी के मालिक का पता लगा लिया। जानकारी मिली की एक शख्स का नाबालिग बेटा स्कूटी लेकर निकला था और यूं सड़क पर नचा-नचाकर गाड़ी के जरिए खतरनाक स्टंट कर रहा था। इससे उसकी खुद की जान को तो खतरा था ही दूसरों पर भी जोखिम था। थाने बुलाकर पुलिस ने पिता को फटकार लगाई, बच्चे की पहचान उजागर किए बिना एक वीडियो भी बनवाया ताकि दूसरे बच्चे ऐसा न करें। इसके बाद नाबालिग और उसके पिता ने माफी मांगी।
आप पर भी हो सकती है कार्रवाई
रायपुर की यातायात पुलिस अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चला रही है। तीन दिन पहले थाना आजाद चौक में 20, थाना सरस्वती नगर में 20, थाना आमानाका में 25, कबीर नगर में 05 इस प्रकार कुल 70 व्यक्तियों पर मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई करते हुए कुल 21,200 रुपए का फाइन लिया जा चुका है।
आप भी कर सकते हैं शिकायत
रायपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम सुरक्षित संचालन के लिए यातायात पुलिस का सहयोग करें यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं साथ ही किसी भी वाहन चालक की ओर से नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उनका वीडियो फुटेज बनाकर यातायात पुलिस रायपुर के व्हाट्सऐप कंप्लेंट पोर्टल 94791 91234 पर भेजें ताकि ऐसे वाहन चालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।