लॉगिन

अधजले लाश की सुलझी गुत्थी : पत्नी से अवैध सम्बन्ध के चलते युवक की हत्या, पति-पत्नी सहित 2 सगे भाई गिरफ्तार

Chhattisgarh May 25, 2025 रिपोर्टर: shailesh
अधजले लाश की सुलझी गुत्थी :  पत्नी से अवैध सम्बन्ध के चलते युवक की हत्या, पति-पत्नी सहित 2 सगे भाई गिरफ्तार

अधजले लाश की सुलझी गुत्थी : पत्नी से अवैध सम्बन्ध के चलते युवक की हत्या, पति-पत्नी सहित 2 सगे भाई गिरफ्तार

गरियाबंद : छत्तीसगढ़-ओडिशा के सीमावर्ती जंगल में बरामद हुए अधजले शव की गुत्थी सुलझ गई है। जांच में सामने आया कि यह हत्या पत्नी से अवैध संबंध के शक में की गई थी। आरोपियों ने हत्या से पहले शराब पी, मृतक की बुरी तरह पिटाई की, गला घोंटा और फिर शव को जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने इस मामले में पति, पत्नी और पत्नी के दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। यह मामला गरियाबंद के देवभोग थाना क्षेत्र की है।

बीते 22 मई को ओडिशा के सीनापाली थाना क्षेत्र में एक अधजली युवक की लाश झाड़ियों के पीछे मिली। सीनापाली थाना की पुलिस ने जांच की तो पता चला कि अधजली लाश खरपदर उरमाल निवासी विशाल सोनवानी की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि अवैध संबंध को लेकर युवक की हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार, विशाल सोनवानी खरपदर उरमाल का रहने वाला है। पड़ोस में उसके मुंहबोले मामा केशव नागेश का मकान था।

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 29 अप्रैल को विशाल अपने पड़ोसी केशव नागेश की पत्नी ममता नागेश के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था। केशव ने पत्नी और विशाल को खुद आपत्तिजनक देख लिया। जिसके बाद उसने विशाल की जमकर पिटाई की। घटना यहीं नहीं रुकी इसके बाद केशव ने अपनी पत्नी ममता और उसके दो भाइयों ईश्वर सुनानी और सागर सुनानी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। हत्या की प्लानिंग बेहद सुनियोजित तरीके से की गई थी। केशव ने ममता नागेश को मोहरा बनाकर, उसी के मोबाइल नंबर से विशाल को कॉल कर 13 मई की शाम खरपदर गांव से 3 किमी दूर एक सुनसान जंगल में बुलाया।

विशाल अपने बाइक से मौके पर पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए बैठे केशव और उसके दोनों साले मौजूद थे। तीनों ने मिलकर विशाल पर डंडों से हमला किया। इसके बाद उसे बुरी तरह पीटा और गमछा से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से विशाल की बाइक से पेट्रोल निकालकर शव को जलाने का प्रयास किया गया, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका। इसके बाद अधजले शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।

मामले की जांच कर रही सीनापाली पुलिस को मृतक के कॉल डिटेल्स से सुराग मिले। विशाल की अंतिम कॉल ममता नागेश से हुई थी और घटना के समय ममता और उसके पति के मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास दर्ज हुई थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने देवभोग पुलिस के सहयोग से केशव नागेश, ममता नागेश और ममता के दोनों भाइयों को 10 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

थाना प्रभारी रश्मिता प्रधान ने जानकारी दी कि चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा BNS 103, 278, 6(2), 3(5) के तहत हत्या और साजिश का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन (जो जमीन में गाड़ा गया था) और शराब के कई पाउच भी बरामद किए हैं। बतादें कि विशाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट देवभोग थाने में 16 मई को दर्ज की गई थी। इसके तीन दिन बाद झाड़ियों में उसका अधजला शव मिला था।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds