नगर निगम कर रहा यूजर चार्ज बढ़ाने की तैयारी : घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे के लिए देने होंगे 10 से 30 रूपए ज्यादा

रायपुर। नगर निगम अब लोगों के घरों व दुकानों सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरा कलेक्शन के एवज में लिये जाने वाले यूजर चार्ज को बढ़ा सकता है। इसमें घरेलू कचरा कलेक्शन पर 10 रुपए प्रति माह और व्यावसाधिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़ा पर 30 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी तय है। इसके लिए राजस्व महकमे ने बढ़े हुए यूजर चार्ज का खाका तैयार कर सिस्टम में अपलोड कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में लोगों के प्रापर्टी टैक्स में बढ़ा हुआ यूजर चार्ज देखने को मिलेगा। निगम आयुक्त ने संकेत दिये हैं कि यह प्रक्रिया में है।
दरअसल, नगरीय निकायों में यूजर चार्ज में हर तीन साल में वृद्धि करने का नियम राजपत्र में प्रकाशित है। राज्य शासन के नियम अनुसार हर तीन साल में यूजर चार्ज बढ़ेगा। तीन साल पहले रायपुर नगर निगम में लोगों से डोर-टू डोर कचरा कलेक्शन के एवज में निर्धारित स्लैब के हिसाब से घरेलू कचरे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीला और सूखा कचरा कलेक्शन के एवज में यूजर चार्ज लेने का सिस्टम बनाया। यह यूजर चार्ज लोगों की सुविधा अनुसार साल में एक बार प्रापर्टी टैक्स के साथ जोड़कर करदाताओं से लिया गया।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि साल 2024-25 में तीन साल पूरा हो रहा है। इसलिए वित्तीय वर्ष 2025-26 से नियम अनुसार यूजर चार्ज में बढ़ोतरी होगी। इसके लिए राजस्व महकमे ने शासन के आदेश को ध्यान में रखते हुए यूजर चार्ज बढ़ाने की तैयारी कर ली है। सूत्रों के मुताबिक यूजर चार्ज की बढ़ी हुई दर को विभागीय सिस्टम में अपलोड कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक घरेलू कचरा कलेक्शन के लिए पूर्व में लिये जा रहे यूजर चार्ज में 10 रुपए प्रतिमाह की बढ़ोतरी और व्यावसायिक परिसर से निकलने वाले कूड़ा के कलेक्शन पर यूजर चार्ज में 30 रुपये मासिक वृद्धि हो सकती है।
2 माह से सर्वर बंद, करदाता परेशान
यूजर चार्ज में बढ़ोतरी सहित अन्य तकनीकि जानकारी सिस्टम में अपलोड करने के चलते पिछले 2 माह से सर्वर बंद रहने की शिकायत मिल रही है। इससे एक ओर जहां बड़े बकायादार से बकाया राजस्व वसूली प्रभावित हुयी है। वहीं ऐसे करदाता जो अग्रिम कर का भुगतान ऑनलाइन करना चाह रहे हैं वे सर्वर की समस्या होने से करों का भुगतान नहीं कर पा रहे। जोन दफ्तर, मुख्यालय में भी इस बात को लेकर शिकायतें आ रही है। वहीं विभागीय अधिकारी अभी ये बताने की स्थिति में नहीं है कि कब तक सर्वर बंद रहने की समस्या दूर हो पाएगी।
यूजर चार्ज बढ़ोतरी प्रक्रिया में
नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि, हर तीन साल में यूजर चार्ज की बढ़ोतरी होनी है, राजपत्र में इसका प्रकाशन पूर्व में हो चुका है। 2024-25 में तीन साल पूरा हो रहा है, इसलिए यूजर चार्ज में नियम अनुसार वृद्धि प्रक्रिया में है।
तीन साल से नहीं बढ़ा यूजर चार्ज
शहर में ठेके पर सफाई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों के घरों, दुकानों सहित अन्य स्थानों पर डोर-टू डोर कचरा कलेक्शन, परिवहन और निष्पादन की व्यवस्था के एवज में शहरवासियों से प्रति माह यूजर चार्ज लिया जा रहा है। इसके लिए तीन वर्ष पूर्व स्लैब बनाकर इसकी दर तय की गई। अभी तक पुरानी दर से लोगों से यूजर चार्ज की वसूली होती रही है। लेकिन नियम अनुसार तीन साल में यूजर चार्ज में बढ़ोतरी किया जाना तय है। चूंकि तीन साल से यूजर चार्ज में वृद्धि नहीं की गयी। इसलिए नगर निगम दस जोन के 70 वार्ड में रहने वाले यूजर से अब बढ़े हुए दर पर यूजर चार्ज वसूल करेगा। इसके लिए यूजर चार्ज की प्रस्तावित बढ़ी हुई दर ऑनलाइन अपलोड किया जारहा है।