MP News : देवास में दुकान में लगी आग, बम की तरह फटे वहां रखे सिलेंडर… पास खड़ा था एक्सप्लोसिव लिखा ट्रक

देवास। देवास शहर के पाल नगर चौराहे पर सोमवार तड़के हादसा हुआ। यहां बनी एक एवरफ्रेश दुकान में आग लग गई। आग के कारण दुकान में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके हुए। धमाकों की गूंज एक किमी तक सुनाई दी।

आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दुकान में रखा फ्रिज भी आग की चपेट में आ गया। इधर, लोगों ने नगर निगम को सूचना दी। निगम की दमकल टीम घटनास्थल पहुंची। करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

ट्रक पर लिखा था एक्सप्लोसिव

बताया जा रहा कि जिस जगह हादसा हुआ, वहीं पास में एक ट्रक खड़ा था, जिस पर एक्सप्लोसिव लिखा था। ट्रक में ज्वलनशील पदार्थ था। यदि यहां तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो जाता। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार शुरुआत में तो आग छोटी थी, लेकिन देखते ही देखते बढ़ गई।

लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास भी किए। आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds