छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, 24 घंटे में 75% प्रदेश कवर, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के करीब 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के कुछ हिस्सों में भी जल्द मानसून पहुंचने की संभावना जताई है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेशभर में मौसम के बदले रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं।

मंगलवार शाम राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और प्रदेशभर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। डौंडी और नांगर में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा हुई। मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं कांकेर, दरभा, नगरी, राजनांदगांव, जगदलपुर, बड़े राजपुर और अन्य कई इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बुधवार को भी कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश के साथ बादल गरजने की संभावना है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds