छत्तीसगढ़ में मानसून का काउंटडाउन शुरू, प्रदेश में बढ़ेंगी बारिश की गोतिविधियां, कई जिलों में अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में लोगों को मानसून की एंट्री का इंतजार है. मौसम विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार अगले पांच दिनों तक कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.

छत्तीसगढ़ में बरसेंगे बादल

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट के अनुसार 8 से 10 जून तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

वहीं 11 और 12 जून को बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं. इन दिनों कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है.

कल रायपुर में हुई बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रायपुर के माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान

वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, हालांकि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. इसके बावजूद बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds