लॉगिन

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

Chhattisgarh August 8, 2026 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है और बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र और अधिक मजबूत होकर निम्न दाब के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की तरफ आगे बढ़ेगा। इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां सबसे अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं रायपुर में भी 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

तापमान का हाल

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के बराबर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds