नाबालिगों ने किडनैप कर 5 घंटे तक घुमाया, फिर 2 युवकों से मारपीट कर 87 हजार लूटे, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में दो बालिग और चार नाबालिग आरोपियों ने बालोद के दो युवकों का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर उनके साथ मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने करीब पांच घंटे तक दोनों युवकों को शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाया, उनसे नकदी, मोबाइल, चांदी के जेवर और स्कूटी छीन ली तथा पेटीएम से भी जबरन पैसे ट्रांसफर करा लिए.

नाबालिगों ने किडनैप कर 5 घंटे तक घुमाया, फिर पैसे लूटे

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी निवासी एक युवक 2 जुलाई की रात अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था. दोनों एक बाइक और सफेद एक्टिवा स्कूटी से आए थे. तड़के करीब साढ़े चार बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई. जब कागजात मांगे गए और वे नहीं दिखा सके तो आरोपियों ने स्कूटी को चोरी की बताकर अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया.

इसके बाद सभी आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन अपने साथ ले जाकर सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास मारपीट की. पीड़ितों से तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल, पांच हजार रुपए नकद और बिना नंबर की एक्टिवा छीन ली गई. आरोपियों ने पेटीएम का पिन पूछकर खाते से 18,180 रुपए दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए.

आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपियों ने दोनों युवकों को नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक और दुर्ग के विभिन्न इलाकों में घुमाने के बाद पुलगांव चौक के पास चाकू दिखाकर उनसे जबरन वीडियो बनवाया, जिसमें यह कबूल कराया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे. बाद में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दो बालिग आरोपियों सोहेल खान और अरजद सहित चार नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds