पेरिस : स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी और उनके क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लब ने अर्जेंटीना के इस स्टार को दो हफ्तों के लिए सस्पेंड कर दिया है। उन पर बिना इजाजत सऊदी अरब की ट्रिप करने का आरोप है। जब तक निलंबन रहेगा, मेसी को ट्रेनिंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा न ही वह खेल पाएंगे और उन्हें इस दौरान की सैलरी भी नहीं दी जाएगी। मेसी का इस सीजन पीएसजी के साथ कॉन्ट्रैक्ट भी समाप्त हो रहा है। ऐसे में इस सस्पेंशन ने उन कयासों को हवा दिया है कि मेसी पीएसजी को छोड़ सकते हैं। मेसी के साथ उनकी पत्नी एंटोनेला और बच्चे भी सऊदी अरब की ट्रिप पर हैं।
तत्काल प्रभाव से मेसी पर निलंबन लागू
फ्रांस के दिग्गज फुटबॉल पत्रकार फैब्रिजियो रोमानो ने इन रिपोर्ट्स का खुलासा किया। पहले यह रिपोर्ट आई थी कि मेसी पर कई दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया जाएगा, जबकि फैब्रिजियो ने बताया कि उन्हें दो हफ्ते के लिए सस्पेंड किया जाएगा। फ्रैब्रिजियो के मुताबिक, यह निलंबन अभी से ही लागू है और अगले दो हफ्ते तक जारी रहेगा। उन्होंने लिखा- पेरिस सेंट-जर्मेन का निर्णय इस सप्ताह मेसी की सऊदी अरब की यात्रा के बाद लिया गया है, जिसे क्लब द्वारा अधिकृत नहीं किया गया था।
अगले दो हफ्ते तक नहीं खेल पाएंगे मेसी
फैब्रिजियो ने लिखा- मेसी का पक्ष अभी भी क्लब के अनौपचारिक निर्णय के बाद स्थिति स्पष्ट करने के लिए क्लब के आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहा है। क्लब ने अभी तक कोई ऑफिशियल अपडेट नहीं दिया है। अगर इसी फैसले पर पीएसजी चलता है तो मेसी अगले दो सप्ताह तक नहीं खेल पाएंगे। अब सवाल यह उठता है कि यह पूरा मामला कहां से उठा और क्लब के स्टार होने के बावजूद क्यों मेसी को इतने कठोर निर्णय का शिकार होना पड़ा। आइए जानते हैं।
क्लब के हारने पर भी सऊदी अरब की ट्रिप पर गए मेसी
दरअसल, यह पूरा मामला पीएसजी के पिछले मुकाबले से शुरू हुआ। क्लब ने अपना पिछला मैच 30 अप्रैल को लोरिएंट के खिलाफ खेला था। उस मैच में पीएसजी को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था। टीम के नियम के मुताबिक, अगर पीएसजी वह मैच जीतता तो खिलाड़ियों को दो दिन की छुट्टी मिलती, लेकिन पीएसजी की टीम मैच हार गई। ऐसे में छुट्टी को कैंसिल कर दिया गया था। नियम के मुताबिक, इस स्थिति में मेसी को टीम के साथ ट्रेनिंग करना चाहिए था, लेकिन वह सऊदी अरब चले गए।