मेघालय: एनपीपी दोनों लोकसभा सीटों पर उतारेगी महिला उम्मीदवार, सीएम को भेजे गए ये नाम

शिलांग : आगामी लोकसभा चुनाव से पहले मेघालय से एक अच्छी खबर आ रही है। भले ही कोई राजनीतिक पार्टी महिलाओं के लिए निर्धारित कोटा के तहत टिकट दे या नहीं लेकिन मेघालय की एनपीपी ने आगामी लोकसभा चुनाव मेघालय की दोनों सीटों पर महिला उम्मादवारों को उतारने का फैसला किया है। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शिलांग लोकसभा सीट के लिए कैबिनेट मंत्री अम्पारीन लिंगदोह और तुरा सीट के लिए मौजूदा सांसद अगाथा संगमा के नामों की सिफारिश की है।

शिलांग सीट पर कई दावेदार

शिलांग लोकसभा सीट के लिए पार्टी के अंदर कई दावेदार बताए जा रहे थे। लेकिन पार्टी के किसी भी अन्य नामों का खुलासा नहीं किया। बताया गया कि पार्टी ने काफी विचार-विमर्श के बाद इन दो नामों को फाइनल किया है। उपमुख्यमंत्री और एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेस्टोन तिनसोंग ने कहा कि पार्टी की चुनाव समिति ने नामों को मंजूरी के लिए एनपीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा को भेज दिया है। उन्होंने अन्य उम्मीदवारों के नामों का खुलासा नहीं किया, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि शिलांग से एनपीपी टिकट के लिए कई उम्मीदवार प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।

अकेले चुनाव लड़ेगी एनपीपी

तिनसॉन्ग ने कहा, चुनाव समिति ने लिंगदोह और संगमा की सिफारिश करने से पहले सभी नामों की विस्तार से जांच की। तिनसॉन्ग ने स्पष्ट किया, 2019 के विपरीत इस बार एनपीपी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। किसी अन्य पार्टी के साथ उम्मीदवार को लेकर किसी तरह की चर्चा नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि पिछली बार लोकसभा चुनाव में एनपीपी ने गठबंधन सहयोगी, यूडीपी के साथ संयुक्त उम्मीदवार मैदान में उतारा था जबकि इस बार एनपीपी ने अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है।

Back to top button

This will close in 20 seconds