ओलंपिक 2024 में मनु भाकर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली भारत की पहली एथलीट बनीं

पेरिस। ओलंपिक 2024 में मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने भारत के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कमाल का प्रदर्शन किया। दोनों एथलीट ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर चौथे दिन की शुरुआत काफी अच्छी की है। इसी के साथ भारत के नाम अब ओलंपिक 2024 में कुल दो मेडल हो गए हैं। ये दोनों ही मेडल ब्रॉन्ज हैं। हालांकि भारत को अभी अन्य कई खेलों में अभी मेडल की उम्मीद है। 12 सालों के बाद शूटिंग में एक बार फिर से भारत का सुनहरा दौर वापस लौट गया है। इसके पीछे मनु भाकर का रोल काफी अहम रहा। भारत के साथ-साथ मनु भाकर के लिए भी 30 जुलाई का दिन ऐतिहासिक रहा। मनु भाकर ने मेडल जीतने के साथ ही एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड बना डाला है।

मनु भाकर ने बनाया रिकॉर्ड
हरियाणा की एथलीट मनु भाकर ने ओलंपिक 2024 में दो दिन के अंदर दो मेडल जीते। उन्होंने खेल शुरू होने के दूसरे दिन यानी कि 28 जुलाई को महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके दो दिन के बाद यानी कि 30 जुलाई को मनु भाकर ने अपना दूसरा मेडल 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में जीता। यह भी ब्रॉन्ज मेडल था। इन दोनों मेडल के साथ मनु ने इतिहास रच डाला। वह भारत के लिए एक ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। हालांकि इससे पहले नॉर्मन प्रिचर्ड ने 1900 ओलंपिक में 200 मीटर स्प्रिंट और 200 मीटर बाधा दौड़ में दो रजत पदक जीते थे, लेकिन यह उपलब्धि स्वतंत्रता-पूर्व युग में आई थी। 1900 ओलंपिक का आयोजन भी पेरिस में ही किया गया था।

कोरिया को चटाई धूल
भारतीय एथलीट मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने बॉन्ज मेडल जीतने के लिए कोरिया की टीम को हराया। उन्होंने इस मुकाबले को 16-10 के अंतर से अपने नाम किया। शूटिंग में भारत ने पिछली बार 12 साल पहले लंदन ओलंपिक में दो मेडल जीते थे। जहां गगन नारंग और विजय कुमार शर्मा ने क्रमश: ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल जीता था। इसके बाद भारत को लगातार दो ओलंपिक (रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक 2020) में निराशा हाथ लगी। दोनों एथलीटों ने भारत के लंबे इंतजार को खत्म किया। इस इवेंट के खत्म होने के ठीक बाद भारत ओलंपिक की मेडल तालिका में 25वें स्थान पर आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds