बड़ा सड़क हादसा : मैक्स गाड़ी और रोडवेज बस की टक्कर में 15 की मौत, 18 घायल

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। तेरहवीं का भोज खाकर वापस लौट रहे मैक्स लोडर सवारों को रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। कमिश्नर चैत्रा वी ने बताया कि हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है जबकि 18 लोग घायल हैं। मरने वालों में सात पुरूष, चार महिला और चार बच्चे शामिल हैं। हादसे की सूचना पाकर कमिश्नर चैत्रा वी, आईजी शलभ माथुर, डीएम आशीष कुमार, एसपी निपुण अग्रवाल जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली।

एसपी ने दी ये जानकारी

पुलिस अधीक्षक (एसपी) निपुण अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम यह दुर्घटना उस समय हुई, जब आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरटेक करने की कोशिश में बस वैन से टकरा गई। उन्होंने बताया कि घटना में 15 लोगों की मौत हो गयी जबकि 18 अन्य घायल हो गए, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। यात्री हाथरस से आगरा जा रहे थे।

हादसे में 18 लोग घायल, कई की हालत नाजुक

जानकारी के अनुसार, सासनी के मुकुंद खेड़ा में मैक्स लोडर से लोग तेरहवीं का भोज खाकर खाने गए थे। हादसे के शिकार लोग खंदौली के पास गांव सेवला जा रहे थे। तभी थाना चंदपा क्षेत्र आगरा अलीगढ़ बाईपास स्थित मीतई गांव के पास रोडवेज बस ने गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के आलाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्रौपदी ने जताया शोक, दो लाख मुआवजे का ऐलान

हाथरस में हुए भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही केंद्र सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। हाथरस हादसे पर दुख जताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ”उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने स्वजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

यूपी सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने हेतु निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में सड़क दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

पुलिस ने की घायलों की मदद, पहुंचाई अस्पताल

मौके से जो वीडियो सामने आए हैं वह बहुत ही दर्दनाक है। घायलों में कई बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है। अस्पताल तक पुलिस घायलों की मदद करती दिखी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds