Site icon khabriram

MP रीवा में बड़ी वारदात : पति को पेड़ से बांधकर पांच बदमाशों ने किया महिला से दुष्कर्म

रीवा : रीवा के गुढ़ थाने के भैरव बाबा क्षेत्र में पति-पत्नी घूमने आए थे। पहले से मौजूद पांच आरोपितों ने पहले पति को पेड़ से बांध दिया। फिर उसकी पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया। एक के बाद एक पांच नशेड़ी आराेपित महिला पर टूट पड़े। पुलिस ने दावा किया है ​कि दो संदिग्धों काे पकड़ा लिया गया है। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।

घटना के वक्‍त सभी आरोपित नशे में थे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवा दंपती पिकनिक मनाने के लिए गत सोमवार दोपहर भैरव बाबा क्षेत्र गया था। यहां उन्हें देखते ही आरोपितों ने पहले पति के साथ मारपीट की। फिर महिला से ज्यादती की। सभी आरोपित नशे में थे।

सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया

आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। दंपती को धमकी भी दी कि केस दर्ज कराया तो इसे वायरल कर देंगे। पीड़ित दंपती ने गत मंगलवार को मामला दर्ज कराया है।

कॉलेज में पढ़ाने वाले दंपती की हाल ही में शादी हुई

दंपती कॉलेज में पढ़ाते हैं। हाल ही में उनकी शादी हुई है। डीएसपी हेड क्वार्टर हिमाली पाठक ने बताया कि महिला के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने किया मामले को दबाने का प्रयास

गत सोमवार को हुई इस घटना के बाद पीड़ित दंपती थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस प्रशासन का पूरा फोकस बुधवार को रीवा में आयोजित रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव पर था। इसलिए इस मामले को दबाए रखा।

पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर लिया

रीवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह का कहना है कि घटना गत 21 अक्टूबर की दोपहर में हुई है। पीड़िता 22 अक्टूबर की दोपहर थाने पहुंची। पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर लिया। इनमें दो प्राइम सस्पेक्ट लग रहे हैं। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version