लॉगिन

ईडी का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में करेगी पेश

Chhattisgarh July 25, 2026 रिपोर्टर: shailesh
ईडी का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में करेगी पेश

ईडी का बड़ा एक्शन, पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में करेगी पेश

रायपुर : छत्तीसगढ़ के चर्चित सीजीपीएससी घोटाला मामले में सीबीआई के बाद अब ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है.

ईडी आज टामन सोनवानी को विशेष अदालत में पेश करेगी. एजेंसी उनसे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग भी करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच आगे बढ़ाई जा सके.

दो साल पहले सीबीआई ने किया था गिरफ्तार

सीबीआई ने 2 साल पहले सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था. उनके साथ बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया गया था. सीबीआई का आरोप है कि सीजीपीएससी की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं और कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP समेत अन्य पदों पर चयनित कराने के लिए अवैध लेन-देन हुआ.

क्या है सीजीपीएससी घोटाला?

साल 2020 से 2022 के दौरान डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत कई पदों के लिए हुई सीजीपीएससी परीक्षा में टामन सोनवानी के रिश्तेदार समेत कुछ VIP लोगों के करीबी रिश्तेदारों के चयन पर सवाल उठे थे. इन्हीं आरोपों के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज किया था. इस केस की जांच जारी है. इस मामले में सीबीआई की टीम सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

सीबीआई ने यह मामला 9 जुलाई 2024 को दर्ज किया था, जो छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 16 फरवरी और 10 अप्रैल 2024 को जारी अधिसूचनाओं के आधार पर हुआ. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव और अन्य अधिकारी, 2020 से 2022 के बीच आयोजित परीक्षाओं और साक्षात्कारों में अपने पुत्र, पुत्री और रिश्तेदारों का चयन करवाने में शामिल थे. 2021 भर्ती प्रक्रिया में ही 1,29,206 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा दी, जिनमें से 2,548 मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए. इनमें 509 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार चरण पार किया और 170 को विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds