नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई : 3 लक्जरी कारों से 1 करोड़ से ज्यादा का गाँजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये मूल्य का 552 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत की गई इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस की घेराबंदी देखकर कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
करोड़ों का माल बरामद
मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उड़ीसा से तस्करी कर लाया जा रहा 552
किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके पर दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
ओडिशा से लाई जा रही थी गांजे की खेप
कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन लग्जरी कारें- इनोवा ब्रेजा और आर्टिंगा को भी जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लेकर तपकरा- कुनकुरी मार्ग होते हुए अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई जशपुर जिले के कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्र में की गई।