सरकारी भर्ती नियमों मे बड़ा बदलाव : छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मण्डल मे संशोधन, 4 पदों की पात्रता परीक्षा व्यवस्था बदली

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की भर्ती परीक्षाओं से जुड़े नियमों में संशोधन करते हुए विभिन्न पदों की शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा पद्धति में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। संशोधन के तहत उप अभियंता (विद्युत, यांत्रिकी) पद को पहली बार संबंधित समूह में शामिल किया गया है। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी और अनुरेखक पद की पात्रता एवं परीक्षा व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है। नई व्यवस्था के अनुरूप आगामी भर्ती परीक्षाओं में संशोधित पात्रता और परीक्षा प्रणाली लागू होगी।

अनुरेखक पद की योग्यता में बदलाव

समूह-6 के अनुरेखक पद के लिए भी नई शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। अब ड्राइंग विषय के साथ 10+2, हायर सेकेंडरी (तकनीकी), सर्वेयर का व्यावसायिक शिक्षुता प्रमाणपत्र अथवा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से मानचित्रकला (ड्राफ्ट्समैनशिप) का प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। इस पद पर भी भाग अ’ (कॉमन) और भाग ‘ब’ (संकाय विशिष्ट) परीक्षा होगी।

जी व्यापमं की जगह बना कर्मचारी चयन मंडल

हाल ही में छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती व्यवस्था में बड़ा संस्थागत बदलाव करते हुए राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापमं) का इस नए मंडल में विलय कर दिया गया है। इसका उद्देश्य तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और एकीकृत बनाना है।

क्यों पड़ी नए मंडल की जरूरत?

वर्ष 2005 से सीजी व्यापमं विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाएं आयोजित करता था। समय के साथ अलग- अलग विभागों द्वारा अलग-अलग नियमों और प्रक्रियाओं से भर्ती होने के कारण परीक्षा कैलेंडर, चयन प्रक्रिया और परिणामों में असमानता की स्थिति बनती रही। इन समस्याओं को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक, 2026 पारित कर नया वैधानिक निकाय गठित किया।

उप अभियंता (विद्युत यांत्रिकी) पद जोड़ा गया

संशोधन के अनुसार समूह-1 (तृतीय श्रेणी अभियांत्रिकी सेवा) में उप अभियंता (विद्युत, यांत्रिकी) का नया पद जोड़ा गया है। इस पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रकल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा अथवा बीई, बीटेक डिग्री अनिवार्य होगी। चयन के लिए भाग-‘अ’ (कॉमन) और भाग-‘ब’ (संकायवार) परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी का वर्ग बदला

सरकार ने सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी पद को समूह -2 (स्नातक स्तर) से हटाकर समूह-5

(विज्ञान एवं स्वास्थ्य सेवाएं) में शामिल कर दिया है। इस पद के लिए अब जीव विज्ञान विषय के साथ 10+2 उत्तीर्ण होना तथा विभागीय भर्ती नियमों में निर्धारित अन्य अर्हताएं पूरी करना आवश्यक होगा। इस पद के लिए भी कॉमन और विषय विशिष्ट परीक्षा आयोजित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds