रायपुर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हाहाकार, ज्यादा बुकिंग से ऑनलाइन सिस्टम ठप, प्रशासन ने जब्त किए 741 सिलेंडर

रायपुर : रायपुर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हाहाकार मच गया है. हर दिन 3 हजार से ज्यादा बुकिंग होने के कारण ऑनलाइन सिस्टम ठप हो गया है. हालात ऐसे हो गए हैं कि नए सिलेंडर की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है. कंपनियों ने इसके लिए निर्देश भी जारी कर दिए हैं. इसके अलावा प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई करते हुए प्रदेश भर में 741 सिलेंडर जब्त किए हैं. इनमें रायपुर में 392 और बिलासपुर में 130 सिलेंडर प्रशासन ने जब्त किए हैं.
सप्लाई व्यवस्था सुधारने के लिए मॉनिटरिंग कमेटी का गठन
सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है. यह कमेटी सिलेंडर की आपूर्ति, वितरण और बुकिंग व्यवस्था पर लगातार नजर रखेगी, ताकि लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और सिस्टम में आई गड़बड़ियों को जल्द ठीक किया जा सके.
1500 से 2000 रुपये में बेचने की शिकायतें
इधर घरेलू एलपीजी सिलेंडर को 1500 से 2000 रुपये तक में बेचने की शिकायतें भी सामने आई हैं. कई जगह कालाबाजारी की भी जानकारी मिली है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है और जमाखोरी तथा अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
एलपीजी सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे लोग
रायपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है. इस मामले में कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें करीब 24 से 25 दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल पर रहा है, जिससे घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है.
बस्तर में सिलेंडर की किमतों में उछाल
बस्तर जिले में फिलहाल घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई सामान्य बताई जा रही है और लोगों को घरेलू उपयोग के लिए गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दी गई है, जिससे छोटे व्यवसायियों और दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.