लॉगिन

POLITICS : जल्द जारी होगी निगम, मंडलों में नियुक्ति की सूची, भाजपा में जश्न का माहौल

Chhattisgarh July 20, 2024 रिपोर्टर: shailesh
POLITICS : जल्द जारी होगी निगम, मंडलों में नियुक्ति की सूची, भाजपा में जश्न का माहौल

POLITICS : जल्द जारी होगी निगम, मंडलों में नियुक्ति की सूची, भाजपा में जश्न का माहौल

रायपुर : प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब निगम, मंडलों को लेकर जश्न की तैयारी हो रही है। बहुत जल्द प्रमुख निगम, मंडलों के अध्यक्षों की नियुक्ति होने वाली है। इसको लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की राष्ट्रीय नेताओं के साथ  चर्चा में सहमति बनने की खबर है। कभी भी पहली सूची जारी हो सकती है।

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब तक निगम और मंडलों में नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं। सरकार बनने के बाद लोकसभा का चुनाव आ गया, इसको लेकर आचार संहिता लग गई। ऐसे में सभी लोकसभा के चुनाव में व्यस्त हो गए। अब लोकसभा का चुनाव निपट चुका है। इसी के साथ प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल को लेकर भी जो कवायद चल रही थी, उस पर फिलहाल विराम लग गया है। मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा ऐसा कहा जा रहा है। इस बीच अब यह बात सामने आ रही है कि दर्जनभर निगम, मंडलों में नियुक्ति की तैयारी हो गई है।

कभी भी जारी हो सकती है सूची

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा का दो दिनों का दिल्ली दौरा हुआ है। इस दौरे में मुख्यमंत्री श्री साय और दोनों डिप्टी सीएम की केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ ही अन्य मंत्रियों से तो मुलाकात हुई है, साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात हुई है। इस मुलाकात में कुछ निगम, मंडलों में नियुक्तियों को लेकर सहमति बनने की बात सामने आ रही है। इनके एक दिन पहले ही रात को दिल्ली से लौटने के बाद अब यह खबर आ रही है कि जल्द ही कुछ प्रमुख निगम और मंडलों में नियुक्ति की जाएगी। ऐसा होने से कार्यकर्ताओं के साथ जिनकी नियुक्ति होगी, उनमें उत्साह आएगा और वे ज्यादा उत्साह के साथ नगरीय निकाय चुनाव में काम करेंगे। इसी के साथ बचे हुए निगम, मंडलों के लिए भी कार्यकर्ताओं में उत्साह और उत्सुकता रहेगी कि इनमें कितनी नियुक्ति होगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds