छत्तीसगढ़ में बदले मौसम के मिजाज, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिकाओं के प्रभाव से छत्तीसगढ़ का मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका है। वहीं, दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान बिलासपुर में सर्वाधिक तापमान 41.0 डिग्री और पेण्ड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में 70 डिग्री पूर्व और 27 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। वहीं एक द्रोणिका उत्तर आंतरिक कर्नाटक से मन्नार की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश में मौसम में हलचल देखी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, वहीं एक-दो स्थानों पर तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
रायपुर का मौसम:
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।