बड़े परदे के बाद अब ओटीटी पर धमाल मचाएंगे जेडी चक्रवर्ती, इस दिन रिलीज होगी दया

मुंबई : सस्पेंस और साजिश से भरपूर बहुप्रतीक्षित तेलुगू क्राइम थ्रिलर ‘दया’ चार अगस्त को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सीरीज में जेडी चक्रवर्ती, राम्या नामबीसन और ईशा रेब्बा मुख्य भूमिकाओं में हैं। पवन सादिनेनी द्वारा निर्देशित यह सीरीज एक फ्रीजर वैन चालक की असामान्य कहानी पेश करती है, जिसका अतीत काफी ज्यादा डार्क है। यह जबर्दस्त क्राइम थ्रिलर तेलुगू में बनाई गई है, जिसे हिंदी, तमिल, मलयालम, कन्नड़, बंगाली और मराठी में भी स्ट्रीम किया जा सकेगा।

यह क्राइम थ्रिलर दया (जेडी चेकरावर्ती द्वारा अभिनीत) के जीवन पर आधारित है, जब एक भयानक रात में उसे अपनी वैन में एक महिला का शव मिलता है। यहीं से उसके जीवन में एक अप्रत्याशित मोड़ आता है और वह अपराध और खून खराबे में फंस जाता है।

अभिनेता जे डी चेक्रवर्ती ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा, “हॉटस्टार स्पेशल्स ‘दया’ मेरे लिए एक बहुत ही खास प्रोजेक्ट है, क्योंकि यह तेलुगू ओटीटी स्पेस में मेरी शुरुआत है। मैं इस कॉन्सेप्ट से आश्चर्यचकित रह गया था, क्योंकि यह कोई ऐसी चीज नहीं है जिसके बारे में आप रोज सोचते हैं। यह सिर्फ स्क्रिप्ट नहीं थी जिसने मुझे इस कहानी का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया, बल्कि यह कहानी में प्रेरक क्षणों की एक श्रृंखला थी जिसने मुझे आकर्षित किया। केवल बेहतरीन कौशल वाला निर्देशक ही ऐसा कुछ बना सकता है।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैं अपने करियर में ‘दया’ जैसे किरदार को पाकर खुद को खुशनसीब मानता हूं। यह किरदार मेरे लिए एक मील का पत्थर है। मैं यह देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकता कि जब सीरीज डिज्नी+हॉटस्टार पर रिलीज होगी तो दर्शक मेरे किरदार पर कैसी प्रतिक्रिया देंगे।”

बता दें कि जेडी साउथ के साथ बॉलीवुड में भी काफी मशहूर हैं। वह अब तक कई हिंदी फिल्मों में भी दिख चुके हैं। सत्या में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया था। वहीं, उनकी आखिरी हिंदी रिलीज फिल्म एक विलेन रिटर्न्स थी। इस फिल्म में दर्शकों को उनका अभिनय काफी अच्छा लगा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds