फिल्मी स्टाइल में मासूम का किडनैप, रात को दूसरे जिले में छोड़ा, पढ़ें 14 घंटे में रेस्क्यू की पूरी कहानी

ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में गुरुवार को फिल्मी स्टाइल में एक 6 साल के मासूम का अपहरण किया गया था. बदमाशों ने मां की आंख में मिर्ची पाउडर झोंक कर बेटे शिवाय (6 साल) का किडनैप कर लिया था. तुरंत इस घटना की शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई थी. 14 घंटे के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शिवाय सुरक्षित मुरैना में मिल गया है. जैसे ही पुलिस अधिकारी उसे घर लेकर पहुंचे वह तुरंत मां से लिपट गया. इस मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की बात कही है.

सुबह 8 बजे किडनैप

घटना मुरार थाना क्षेत्र के सीपी कॉलोनी की है. यहां रहने वाले गुड़-शक्कर कारोबारी राहुल गुप्ता की पत्नी आरती गुरुवार सुबह 8 बजे अपने 6 साल के बेटे शिवाय को स्कूल छोड़ने के लिए घर से बाहर खड़ी थीं. वह स्कूल की गाड़ी आने का इंतजार कर रहे थी. इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और आरती की आंखों में मिर्ची झोंककर शिवाय को बाइक में बैठाकर भाग गए.

सीसीटीवी में घटना कैद

यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया. तुरंत पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरी घटना सुनकर सीसीटीवी खंगाले. सीसीटीवी में पूरी घटना कैद होने की वजह से पुलिस को मामले की जांच आगे बढ़ाने में आसानी हुई.

नाकाबंदी कर अलग-अलग टीम रवाना

शिवाय के रेस्क्यू के लिए सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद तुरंत पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए चारों तरफ नाकाबंदी कर दी. साथ ही अलग-अलग टीम लगाकर बदमाशों की घेराबंदी करने की कोशिश की. आईजी अरविंज सक्सेना ने बदमाशों पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया.

बीच रोड पर छोड़कर भागे बदमाश

हर ओर नाकाबंदी और घेराबंदी देखकर दोनों बदमाश घबरा गए थे. ग्वालियर पुलिस के साथ-साथ मुरैना में भी पुलिस ने एक्शन लेते हुए नाकाबंदी कर दी थी. इससे घबराकर बदमाश शिवाय को मुरैना जिले के काजी बंसाई गांव में रोड पर भी छोड़कर फरार हो गए. गांव में ईंट-भट्टे के पास ग्रामीणों को बच्चे के रोने की आवाज आई.

रोते हुए मिला शिवाय

जब ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो उसके पास गए और शिवाय से उसके बारे में पूछा. शिवाय ने ग्रामीमों को अपना नाम बताया, जिसके बाद ग्रामीण समझ गए कि यह वही बच्चा है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. तुरंत ग्रामीणों ने मुरैना SP को इस बारे में जानकारी दी.

देर रात घर पहुंची पुलिस

ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद मौके पर मुरैना पुलिस पहुंची और इसके बाद ग्वालियर पुलिस टीम को जानकारी दी. देर रात ग्वालियर पुलिस मौके पर पहुंची और शिवाय को वापस लेकर आई.

शिवाय की वापसी पर जश्न

देर रात जब पुलिस शिवाय को लेकर उसके घर पहुंची तो ढोल बजाकर स्वागत किया. साथ ही मुरार कॉलोनी में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाए. साथ ही जमकर आतिशबाजी भी हुई.

सीएम मोहन यादव ने कहा- बख्शा नहीं जाएगा

शिवाय की सकुश वापसी पर सीएम डॉ. मोहन यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. उन्होंने X पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘मुझे यह बताते हुए संतुष्टि है कि अपहरण हुआ ग्वालियर निवासी सात वर्षीय बालक शिवाय गुप्ता, मुरैना में सकुशल मिल गया है. अपहरण की घटना की जानकारी मिलते ही मैंने DG पुलिस और ADG इंटेलिजेंस को तत्काल आवास बुलाकर पुलिस की कार्रवाई पर विस्तृत जानकारी ली. साथ ही यह स्पष्ट कर दिया था कि बच्चे को खरोंच भी आई तो अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds