भारतवंशी शख्स ने व्हाइट हाउस के पास बैरिकेड से भिड़ाया था ट्रक, बोला- राष्ट्रपति बाइडन को मारना था लक्ष्य

वाशिगठन : अमेरिका में सोमवार को एक ट्रक व्हाइट हाउस की सुरक्षा में लगे बैरीकेड से टकरा गया था, जिसकी वजह से वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था। हालांकि, पुलिस ने ड्राइवर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। अब बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया गया किशोर भारतीय मूल का है। वह अमेरिका के राष्ट्रपति को मारना चाहता था।

एक रिपोर्ट के अनुसार, 19 वर्षीय भारतीय मूल के किशोर ने पहले एक यू-हॉल ट्रक को किराए पर लिया। बाद में, व्हाइट हाउस की सुरक्षा में लगे बैरीकेड में जानबूझकर टक्कर मार दी। अधिकारियों का कहना है कि किशोर ने पूछताछ में बताया है कि वह सत्ता पर कब्जा करने और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को मारने के लिए राष्ट्रपति भवन के अंदर जाना चाहता था।

होटल खाली कराए गए

घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। जहां लेफेटे स्कवायर के स्ट्रीट नंबर 16 पर यह घटना घटी। फिलहाल घटना की जांच चल रही और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह एक हादसा ही था या फिर इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। अमेरिका की सीक्रेट सर्विस ने घटना की पुष्टि की थी। व्हाइट हाउस के आसपास की सड़कें एहतियातन बंद कर दी गई थीं। व्हाइट हाउस के आसपास के कई होटल, जिनमें हे एडम्स होटल भी शामिल है, उन्हें खाली करा लिया गया।

दो बार मारी टक्कर

यूएस सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने संघीय जिला अदालत में दस्तावेज पेश किए और बताया कि ट्रक के चालक की पहचान सेंट लुइस उपनगर के रहने वाले 19 वर्षीय साई वार्षिठ कंडुला (Sai Varshith Kandula) के रूप में हुई। उसने जानबूझकर यू-हॉल ट्रक को व्हाइट हाउस के सामने पार्क में एक सुरक्षा बैरियर से मारा था। उसने ऐसा एक बार नहीं बल्कि दो बार किया। तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

एजेंट ने कहा कि वह घटना को अंजाम देने के मकसद से ही सेंट लुइस से डलेस आया था। इस दस्तावेज में किशोर पर खतरनाक हथियार से हमला, मोटर वाहन का लापरवाह संचालन, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को जान से मारने या अपहरण करने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा उसके ऊपर राष्ट्रपति के परिवार के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचाने, संघीय संपत्ति को नष्ट करने और अतिक्रमण करने का भी आरोप लगाया गया है।

कई महीनों से बना रहा था योजना

दस्तावेज में कहा गया है कि वह करीब 6 महीने से हमले की योजना बना रहा था। इसकी पूरी जानकारी एक ग्रीन बुक में है। आरोपी का मकसद व्हाइट हाउस में प्रवेश करके सत्ता पर कब्जा करना और राष्ट्र का प्रभारी बनना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds