लॉगिन

शूटिंग में भारत ने तोड़ा रिकॉर्ड; पुरुष ट्रैप टीम ने स्वर्ण पर साधा निशाना, महिलाओं को मिला रजत

Sports October 1, 2023 रिपोर्टर: shailesh
शूटिंग में भारत ने तोड़ा रिकॉर्ड; पुरुष ट्रैप टीम ने स्वर्ण पर साधा निशाना, महिलाओं को मिला रजत

शूटिंग में भारत ने तोड़ा रिकॉर्ड; पुरुष ट्रैप टीम ने स्वर्ण पर साधा निशाना, महिलाओं को मिला रजत

हांगझोऊ : एशियाई खेलों में शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। खेलों के आठवें दिन भारत ने अपने खाते में एक स्वर्ण और एक रजत जोड़ा। रविवार (एक अक्तूबर) को पुरुष ट्रैप टीम ने स्वर्ण पदक पर निशाना लगाया। वहीं, महिला ट्रैप टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। शूटिंग में भारत के लिए यह एशियाई खेलों के मौजूदा संस्करण में 21वां पदक है। इनमें से सात स्वर्ण, नौ रजत और पांच कांस्य पदक है।

किनान चेनाई, जोरावर सिंह और पृथ्वीराज टोंडिमान की पुरुष ट्रैप टीम ने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण जीता। तीनों ने मिलकर कुवैत और चीन की टीमों को हराया। किनान चेनाई, जोरावर सिंह और पृथ्वीराज टोंडिमान ने 361 का स्कोर किया और स्वर्ण पदक जीता। यह एशियाई खेलों में ट्रैप शूटिंग में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। कुवैत को रजत और चीन को कांस्य से संतोष करना पड़ा। कीनान और जोरावर भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे पुरुष व्यक्तिगत फाइनल में भाग लेंगे।

स्वर्ण जीतने से चूकी महिला टीम

दूसरी ओर, महिला ट्रैप टीम स्वर्ण से चूक गई। उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। राजेश्वरी कुमारी, मनीषा कीर और प्रीति रजक की महिला ट्रैप टीम ने 337 अंकों के साथ रजत पदक जीता। चीन ने विश्व-रिकॉर्ड तोड़ते हुए 356 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। कजाखस्तान ने 335 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। मनीषा 114 अंकों के साथ व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचीं।

पदक तालिका में भारत की स्थिति

भारत 41 पदक जीतकर तालिका में चौथे स्थान पर है। एशियाई खेलों के पहले दिन भारत को पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ और सातवें दिन पांच पदक मिले। आठवें दिन अब तक तीन पदक भारत के खाते में जुड़ चुके हैं। अब तक भारत की झोली में 11 स्वर्ण, 16 रजत और 14 कांस्य पदक हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds