IND vs PAK Match : कोलंबो में भारी बारिश जारी, आज के खेल पर भी संकट मंडराया, फिर धुलेगा भारत-पाकिस्तान मैच

कोलम्बो : भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर फोर का मैच बारिश से बाधित रहा है। रविवार को खेल पूरा नहीं हो सका। भारतीय पारी के 24.1 ओवर के बाद बारिश ने खलल डाला। इसके बाद एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। एसीसी ने पहले ही इस मैच के लिए रिजर्व डे निर्धारित किया था। ऐसे में आज इस मैच को पूरा किया जाएगा। फैंस को उम्मीद है कि वह भारत-पाकिस्तान के बीच पूरे मैच का आनंद उठा सकेंगे। मैच की शुरुआत दोपहर तीन बजे ही होगी।
विराट हासिल करेंगे खास उपलब्धि
विराट कोहली ने अब तक 278 वनडे की 267 पारियों में 12910 रन बनाए हैं। वह 13 हजार रन के आंकड़े से बस 90 रन दूर हैं। फैंस उम्मीद कर रहे होंगे कि अगर आज मैच हो और विराट को बल्लेबाजी मिले तो वह शतक लगाएं और 13 हजार रन के आंकड़े को छूएं। ऐसा करने वाले वह भारत के दूसरे और विश्व के पांचवें बल्लेबाज होंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (भारत), कुमार संगकारा (श्रीलंका), रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया), सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) वनडे में 13 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।
भारतीय टीम लगातार तीन दिन क्रिकेट खेलेगी
भारतीय टीम को सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने के बाद 12 सितंबर यानी मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ भी मैच खेलना है। यह भी एक 50-50 ओवर का मैच होगा। ऐसे में टीम इंडिया लगातार तीन दिन एक्शन में दिखेगी, जो कि विश्व कप से पहले भारतीय खिलाड़ियों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
क्या बनते हैं समीकरण?
अगर यह मैच पाकिस्तान की टीम जीतती है तो उसके चार अंक हो जाएंगे और उसका फाइनल में सीट लगभग पक्का हो जाएगा। वहीं, बारिश से धुलने पर दोनों टीमें एक-एक अंक बांटेंगी और पाकिस्तान के तीन अंक हो जाएंगे। फाइनल के लिए क्वालिफाई करने का उसका दावा मजबूत हो जाएगा। वहीं, भारतीय टीम अगर यह मैच जीतती है तो उसे दो अंक मिलेंगे। फाइनल में पहुंचने का उसका दावा मजबूत हो जाएगा। टीम इंडिया को 12 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ और 14 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। बारिश से धुलने पर टीम इंडिया को एक अंक मिलेगा और ऐसे में उसकी राह कठिन हो जाएगी। इस स्थिति में उसे अपने अगले दोनों मैच जीतने ही होंगे, क्योंकि श्रीलंका एक मैच जीत चुका है। हारने पर टीम इंडिया के लिए सुपर फोर के उसके अगले दोनों मैच करो या मरो वाले होंगे।