दुर्ग जिले में जहां से उठने वाली थी डोली वहां से उठी अर्थी: दुल्हन ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या, सदमे में परिवार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक 26 वर्षीय युवती ने अपनी शादी से ठीक पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली युवती की शादी भिलाई के पावर हाउस क्षेत्र स्थित एक लॉज में होनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, मंडप सज चुका था, मेहमान जुटने लगे थे, लेकिन तभी यह दर्दनाक खबर सामने आई।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से पूजा साहनी (26) अपने परिवार के साथ भिलाई आई थी। वह पावर हाउस इलाके के एक लॉज में ठहरी हुई थी। यहां शनिवार को उसकी शादी होने वाली थी। शादी की रस्मों के बीच वह अचानक गायब हो गई। खोजबीन के बाद वह लॉज के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। ये देखकर परिजन सन्न रह गए। तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। छावनी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।