पति-पत्नी मिलकर कर रहे थे गांजा तस्करी, आरपीएफ-जीआरपी ने रेलवे स्टेशन में दबोचा

बिलासपुर. रेलवे स्टेशन बिलासपुर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है. दोनों के कब्जे से दो बैग में रखे करीब 10.50 लाख के गांजे को जब्त किया है.गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं.

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष गांजा लेकर मौजूद हैं. सूचना पर जीआरपी पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. वहां संदिग्ध हालत में एक महिला और पुरुष काले रंग का बैग और लाल रंग का ट्रॉली बैग लेकर खड़े मिले.

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम संगीता मिश्रा (43) और सुशील मिश्रा (45) बताया. दोनों पश्चिम चंपारण, बिहार के बगहा क्षेत्र के निवासी हैं. तलाशी लेने पर दोनों बैग से कुल 10 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ. इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजे की मात्रा 21.058 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये है.

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मौके पर कार्रवाई करते हुए गांजा जब्त कर लिया. आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को देने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (रेल) दिव्यांग पटेल के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रेल संभाग बिलासपुर तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव सहित जीआरपी के पुलिसकर्मियों और आरपीएफ बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.पुलिस ने कहा है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds